मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ दौरे से ठीक पहले कार्यक्रम स्थल के आसपास आसमान में एक संदिग्ध ड्रोन उड़ता दिखाई देने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. सीएम की सुरक्षा को देखते हुए इलाके में पहले से भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां तैनात थीं. बिना अनुमति ड्रोन उड़ते देख अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया.
मौके पर मौजूद एसपी सिटी विनायक गोपाल भौसले ने मीडिया कर्मियों से पूछा कि ड्रोन किसका है. जब किसी ने अपना नहीं बताया तो पुलिस ने हैंड माइक से चेतावनी जारी की कि ड्रोन तुरंत नीचे उतार लिया जाए, वरना इसे मार गिराया जाएगा. बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई. इसके बाद मौके पर मौजूद एटीएस की ड्रोन टीम ने संदिग्ध ड्रोन की घेराबंदी शुरू कर दी. पुलिस और एटीएस की गतिविधि बढ़ते ही ड्रोन को ऊंचाई पर ले जाया गया और फिर नीचे उतारने का प्रयास किया गया.
सुरक्षा एजेंसियां लगातार ड्रोन की हरकतों पर नजर बनाए रहीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर उसके संचालक को हिरासत में ले लिया है. ड्रोन कहां से उड़ाया गया, ऑपरेटर कौन है और क्या कोई अनुमति ली गई थी. इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस की विशेष टीम मैदान में है.
आसपास के लोगों और तकनीकी माध्यमों से संचालक की पहचान की जा रही है. मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. सीएम योगी के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा गया था, ऐसे में यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए सतर्कता का संकेत बन गई है.