अलीपुरद्वार: दिल्ली से घर लौट रही एक 20 वर्षीय गर्भवती आदिवासी महिला के साथ महानंदा एक्सप्रेस की चलती ट्रेन में कथित बलात्कार की घटना सामने आई है. पीड़िता अलीपुरद्वार जिले के कालिचिनी की रहने वाली है. पुलिस के अनुसार, महिला दिव्यांग कोच में यात्रा कर रही थी. ट्रेन जब अलीपुरद्वार के पास पहुंच रही थी, तब आरोपी ने लगभग खाली कोच का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया.
चिल्लाहट सुनकर रेलवे कर्मचारियों ने दी सूचना
ट्रेन हसिमारा के पास पहुंचने पर बगल के कोच में बैठे रेलवे कर्मचारियों को महिला की चीख-पुकार सुनाई दी. उन्होंने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी. इस बीच महिला ने अपने पति को भी फोन कर घटना की जानकारी दी. पति स्टेशन पहुंच गए. अलीपुरद्वार स्टेशन पर पहुंचते ही जीआरपी और आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. आरोपी की पहचान असम के रंगिया निवासी गौतम महतो के रूप में हुई है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
जीआरपी एसपी इंद्रबदन झा ने पुष्टि की कि रेलवे स्टाफ की सूचना पर सुरक्षा बल तैयार थे. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है और बयान दर्ज कर रही है.