भाजपा विधायक राकेश रंजन की हत्या की साजिश! टाइम बम-ग्रेनेड मंगाया, जेल अधीक्षक समेत 4 पर FIR से हड़कंप

Amanat Ansari 07 Aug 2026 11:55: PM 1 Mins
भाजपा विधायक राकेश रंजन की हत्या की साजिश! टाइम बम-ग्रेनेड मंगाया, जेल अधीक्षक समेत 4 पर FIR से हड़कंप

भागलपुर: बिहार में भाजपा विधायक राकेश रंजन उर्फ राकेश विश्वेश्वर ओझा की हत्या की सनसनीखेज साजिश का मामला सामने आया है. विधायक ने भागलपुर सेंट्रल जेल में उनकी हत्या का षड्यंत्र रचे जाने का आरोप लगाते हुए करनामेपुर थाने में FIR दर्ज कराई है. इसमें जेल अधीक्षक राजीव कुमार झा समेत तीन कैदियों हरेश मिश्रा, कुबेर मिश्रा और कुख्यात लंबू शर्मा को नामजद किया गया है.

विधायक के अनुसार, उनकी हत्या की पूरी प्लानिंग हो चुकी है. इसके लिए ग्रेनेड और टाइम बम भी मंगा लिए गए हैं. जेल अधीक्षक पर FIR दर्ज होने से हड़कंप मच गया है. राकेश रंजन शाहपुर (भोजपुर) से भाजपा विधायक हैं. उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को उन्हें डाक से एक पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि भागलपुर जेल में उनकी हत्या की साजिश चल रही है. पत्र में कहा गया कि लंबू शर्मा के शूटर के जरिए हत्या की योजना है और जेल अधीक्षक समेत नामजद लोगों की इसमें भूमिका है.

भोजपुर एसपी ने पुष्टि की कि FIR दर्ज हो गई है और जांच चल रही है. हरेश मिश्रा वही व्यक्ति है, जिस पर विधायक के पिता और भाजपा के कद्दावर नेता विश्वेश्वर ओझा की 2016 में गोली मारकर हत्या का आरोप था. उस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है और वह भागलपुर जेल में बंद है. हरेश के परिजनों ने आरोपों को राजनीतिक द्वेष बताया है.

BJP MLA Rakesh Ranjan Bihar News Crime News

Recent News