नई दिल्ली: पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की (तुर्किए) के बीच हुए ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर भारत ने शुक्रवार को अपनी प्रतिक्रिया दी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत इस घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है. मीडिया ब्रीफिंग में जायसवाल ने कहा, “हम इस घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं और आपको अपडेट करते रहेंगे.”
तीनों देशों ने मक्का में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. इसके तहत यदि तीनों में से किसी एक देश पर सशस्त्र हमला होता है, तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा. इसका उद्देश्य सामूहिक प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना और क्षेत्रीय सुरक्षा बढ़ाना है.
पाकिस्तान और सोमालिया के बीच हालिया रक्षा सहयोग समझौते पर भी भारत ने नजर रखने की बात कही. जायसवाल ने कहा कि सोमालिया से जुड़े घटनाक्रमों पर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं. भारत ने अफ्रीकी देशों के साथ मजबूत संबंधों को दोहराते हुए कहा कि अगला भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन आपसी सुविधाजनक तारीख पर आयोजित होगा.