टीएमसी बागी सायोनी घोष की पीएम मोदी से पहली मुलाकात, लिखा- ‘याद रखने वाला पल’; वीडियो-तस्वीरें शेयर कर मचाई हलचल

Amanat Ansari 08 Aug 2026 06:42: PM 1 Mins
टीएमसी बागी सायोनी घोष की पीएम मोदी से पहली मुलाकात, लिखा- ‘याद रखने वाला पल’; वीडियो-तस्वीरें शेयर कर मचाई हलचल

नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से अलग होकर नए राजनीतिक गुट में शामिल हुईं सांसद सायोनी घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी पहली मुलाकात को याद रखने वाला पल बताया है. उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, ''माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ मेरी पहली मुलाकात. एक यादगार पल!''

इस पोस्ट ने सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. सायोनी घोष उन 20 बागी टीएमसी सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का ऐलान किया था. इस समूह में सुदीप बंद्योपाध्याय, काकोली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, यूसुफ पठान, दीपक अधिकारी और जून मालिया जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं.

NDA के साथ बढ़ती नजदीकी

20 सांसदों वाले इस गुट ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर NCPI के साथ विलय की जानकारी दी थी. बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में NDA के साथ काम करेंगे. बाद में NCPI के सांसद NDA की संसदीय बैठक में भी शामिल हुए.

सायोनी घोष को इस नए राजनीतिक समीकरण में प्रमुख चेहरों में गिना जा रहा है. जून में आई रिपोर्ट्स में उन्हें बागी गुट के नेता के तौर पर चर्चा में रखा गया था. प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात और उसके बाद सायोनी की पोस्ट ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है. एक तरफ बीजेपी-एनडीए के साथ 20 सांसदों वाले नए गुट की नजदीकी साफ नजर आ रही है, तो दूसरी तरफ सायोनी का इस मुलाकात को सार्वजनिक रूप से खास बताना भी चर्चा का विषय बन गया है.

वीडियो में सायोनी घोष प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत करती नजर आ रही हैं. तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई. पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह बदलाव बड़े सियासी संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

Saayoni Ghosh PM Modi Narendra Modi TMC

Recent News