अजय देवगन के जुहू बंगले पर बीएमसी का हथौड़ा, अवैध निर्माण के हिस्से तोड़े

Amanat Ansari 17 Oct 2026 06:20 PM 1 Mins
अजय देवगन के जुहू बंगले पर बीएमसी का हथौड़ा, अवैध निर्माण के हिस्से तोड़े

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के मुंबई के जुहू स्थित बंगले पर मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कार्रवाई की है. अवैध निर्माण के आरोप में बंगले के कुछ हिस्सों को तोड़ दिया गया है. अजय देवगन का यह बंगला कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में स्थित है और इसका क्षेत्रफल करीब 7,802 वर्ग फुट है.

बीएमसी का कहना है कि बंगले में बिना अनुमति के आंतरिक बदलाव, विभाजन की दीवारें, खिड़कियों में बदलाव और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे थे. 10 सितंबर 2026 को बीएमसी ने मुंबई महानगरपालिका अधिनियम की धारा 354A के तहत नोटिस जारी कर काम तुरंत रोकने और जरूरी दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया था. लेकिन नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, जिसके बाद नगर निगम ने अनधिकृत निर्माण के कुछ हिस्सों को ध्वस्त कर दिया.

शनिवार को हुई इस कार्रवाई की तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें हथौड़े से निर्माण को तोड़ते हुए देखा जा सकता है. अभिनेता के कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह संपत्ति उनकी निजी रिहाइश नहीं बल्कि किराए पर दी गई एक अलग प्रॉपर्टी है. उन्होंने कहा कि बीएमसी से जरूरी अनुमतियां मांगी गई हैं और नियमों का पालन किया जा रहा है.

Recent News