ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024–25 टेस्ट सीरीज कई मायनों में खास बनती जा रही है. पांच टेस्ट मैचों की इस सीरीज में अब तक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं, और तीसरा टेस्ट मैच 14 से 18 दिसंबर के बीच ब्रिस्बेन में खेला जाएगा. इस सीरीज के पहले दो टेस्ट मैचों ने व्यूअरशिप के मामले में सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस प्रतिष्ठित सीरीज ने टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी है. स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क ने इस सीरीज के माध्यम से व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच को 70.8 मिलियन दर्शकों ने देखा, जो पिछली भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के मुकाबले 70% अधिक है. इस मैच को कुल 8.6 बिलियन मिनट तक देखा गया, जो पिछले दौरे के पहले टेस्ट मैच के मुकाबले 160% ज्यादा है. यह उपलब्धि इसे ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) के इतिहास में सबसे अधिक देखे जाने वाला द्विपक्षीय विदेशी टेस्ट मैच बनाती है.
दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भी व्यूअरशिप का शानदार रिकॉर्ड बना. इस दिन 29.5 मिलियन दर्शकों ने मैच देखा, जो 2020 में हुए ऑस्ट्रेलिया में पिंक बॉल टेस्ट के मुकाबले 21% ज्यादा है. इसके साथ ही इस मैच को 1.87 बिलियन मिनट तक देखा गया, जो पिछले रिकॉर्ड से 44% ज्यादा है. ये आंकड़े साबित करते हैं कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच दर्शकों के लिए कितने रोमांचक हैं.
इस पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं. भारतीय टीम के लिए अगले तीन मैच बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इन मैचों में जीत से ही वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में सीधे प्रवेश कर पाएंगे. तीसरे टेस्ट मैच का सीधा प्रसारण 14 दिसंबर से स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर किया जाएगा.
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी न केवल रोमांचक क्रिकेट का मंच बनी हुई है, बल्कि दर्शकों की दिलचस्पी को भी नई ऊंचाई पर ले जा रही है. इस सीरीज के हर मैच का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है.