बारात में हंगामा, फिर दुल्हे की धमकी... दुल्हन बोली- शादी नहीं होगी!

Amanat Ansari 19 Apr 2026 12:58: PM 1 Mins
बारात में हंगामा, फिर दुल्हे की धमकी... दुल्हन बोली- शादी नहीं होगी!

पटना: वैशाली जिले के बिद्दूपुर में शादी के वरमाला के दौरान दुल्हे की एक धमकी भरी बात सुनकर दुल्हन भड़क गई और शादी करने से साफ इनकार कर दिया. जंदाहा थाने के अरनिया गांव निवासी रामचंद्र राम के बेटे कुंदन कुमार की शादी कुतुबपुर निवासी विजय राम की बेटी मौसम कुमारी से तय हुई थी. बारात बिद्दूपुर पहुंची और सब कुछ सामान्य ढंग से चल रहा था.

वरमाला की तैयारियां चल ही रही थीं कि अचानक बारात पक्ष के कुछ युवक दुल्हन के कमरे में घुस गए. जब उन्हें रोका गया तो वे बाहर नहीं निकले. इसके बाद घरवालों ने उन्हें जबरन धक्का देकर कमरे से बाहर निकाला. इस घटना से नाराज होकर बारात पक्ष के लोग मारपीट करने लगे. दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई.

डंडे-कुर्सियां चलने लगीं, कई कुर्सियां टूट गईं और बारात में आई एक बोलेरो, एक अर्टिगा तथा दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया. मारपीट के बीच गुस्से में आकर दुल्हा कुंदन कुमार ने वरमाला के समय दुल्हन मौसम कुमारी से कहा कि घर चलो, वहां जाकर तुमको ठीक कर दूंगा. दुल्हे की इस धमकी भरी बात सुनते ही दुल्हन बहुत नाराज हो गई और उसने शादी करने से मना कर दिया. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई.

थाने में समझाइश के बाद लड़का शादी के लिए तैयार हो गया, लेकिन दुल्हन ने साफ इनकार कर दिया. सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि लड़की के कमरे में कुछ युवकों के घुस जाने के कारण विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद दुल्हन ने शादी से मना कर दिया है. फिलहाल यह मामला सामाजिक स्तर पर ही सुलझाने का फैसला किया गया है.

Bihar groom threats bride varmala bride redused marry

Recent News