भोपाल की हर्षा रिछारिया ने उज्जैन में ले लिया सन्यास, अब नाम हुआ हर्षानंद गिरि

Amanat Ansari 19 Apr 2026 03:01: PM 1 Mins
भोपाल की हर्षा रिछारिया ने उज्जैन में ले लिया सन्यास, अब नाम हुआ हर्षानंद गिरि

Harsha Richharia sannyas: भोपाल निवासी पूर्व एंकर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट हर्षा रिछारिया ने रविवार को उज्जैन में औपचारिक रूप से संन्यास ग्रहण कर लिया है. मंगलनाथ स्थित गंगाघाट पर मोनी तीर्थ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर सुमनानंद जी महाराज ने उन्हें विधि-विधान से दीक्षा दी. दीक्षा के बाद उनका नया नाम हर्षानंद गिरि महाराज रखा गया है.

महाकुंभ 2025 के दौरान साधु-संतों के साथ भगवा वस्त्रों में उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे. उस समय “खूबसूरत साध्वी” हैशटैग के साथ उनकी तस्वीरें ट्रेंड करने लगीं, जिससे उनकी लोकप्रियता में अचानक तेजी आई. हालांकि बाद में उनकी पुरानी ग्लैमर और एंकरिंग वाली तस्वीरें सामने आने पर काफी विवाद भी हुआ था.

19 अप्रैल को उज्जैन पहुंचकर हर्षा ने संन्यास का रास्ता चुना. दीक्षा के समय उन्होंने बताया कि प्रयागराज कुंभ में उन्हें कुछ संकेत मिले थे, जिसके बाद उन्होंने इस दिशा में कदम बढ़ाने का फैसला किया. गुरुजी के मार्गदर्शन में संध्या दीक्षा हुई और उन्होंने शपथ ली कि संन्यास के जीवन को कभी कलंकित नहीं होने देंगे.

दीक्षा के दौरान हर्षा ने शिखा और दंड का त्याग किया. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पितरों के लिए पिंडदान-तर्पण के साथ खुद का भी पिंडदान किया. 
मोनी तीर्थ पीठाधीश्वर सुमनानंद जी महाराज ने बताया कि पूरी विधि संपन्न हो चुकी है और अब हर्षा रिछारिया आधिकारिक रूप से साध्वी हर्षानंद गिरि बन चुकी हैं.

Harsha Richhariya Sannyas Harshanand Giri Viral Sadhvi