लखनऊ/महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में नीट की तैयारी कर रही एक युवती के साथ बेहद क्रूर और हैवानियत भरा मामला सामने आया है. कोचिंग से घर लौटते वक्त कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया और पूरे 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा. इस दौरान उसके साथ गैंगरेप किया गया, नशीले इंजेक्शन लगाए गए और जलती सिगरेट से शरीर पर दाग दिए गए.
पीड़िता मध्य प्रदेश की रहने वाली है और महोबा में रहकर पढ़ाई कर रही थी. 30 अप्रैल को शाम के समय जब वह कोचिंग से वापस लौट रही थी, तभी कार में सवार बदमाशों ने उसे जबरन उठा लिया. 16 दिन बाद पुलिस ने उसे प्रयागराज से बरामद किया. उस समय वह बेहद गंभीर हालत में थी.
छात्रा ने पुलिस को बताई पूरी कहानी
छात्रा ने पुलिस को बताया कि मोहित श्रीवास (उसी गांव का) और उसके साथी अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत समेत कुल 5-6 लोगों ने मिलकर यह सब किया. उन्हें प्रयागराज में किसी जगह पर कैद रखा गया. हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए जाते थे. विरोध करने पर सिगरेट से दागा गया और चाकू से भी वार किए गए. आरोपी ने उसके भाई की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन मोहित के साथ शादी भी करवा ली.
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है. शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय के अनुसार, सभी साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पीड़िता को महोबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय मांग
इस घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश है. कांग्रेस पार्टी ने मामले को उठाया है. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़िता से फोन पर बात की. कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने कहा कि आरोपियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई हो और पीड़िता को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए. पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही महोबा जाकर पीड़िता से मिलेगा. पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय और दोषियों को फांसी की सजा देने की अपील की है.