नई दिल्ली: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक दहलाने वाली घटना सामने आई है. पुलिस के अनुसार, दीपांश चौधरी नामक युवक को उसकी पत्नी और सास ने कथित तौर पर मिलकर आग के हवाले कर दिया. मृतक के परिजनों ने इस मामले में दोनों पर जिंदा जलाकर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
सोमवार रात करीब 8:30 बजे महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंची तो दीपांश को बुरी तरह झुलसा हुआ हालत में पाया गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी और सास को हिरासत में ले लिया गया है. मामले की गहन जांच चल रही है.
क्या था शुरूआती दावा?
शुरू में यह बात सामने आई थी कि वैवाहिक विवाद के चलते दीपांश ने खुद को आग लगा ली. पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में अचानक आग लग गई. उन्होंने सोचा कि शायद बाहर या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है, लेकिन बाद में पता चला कि आग उनके ही फ्लैट में थी.
पड़ोसियों ने क्या देखा?
एक पड़ोसी ने बताया कि वह युवक को सीढ़ियों से नीचे आग की लपटों में घिरा हुआ उतरते देखा. वह पूरी तरह नंगा था और उसका शरीर बुरी तरह जल चुका था. सीढ़ियों से गिरने के बाद वह जमीन पर पड़ा रहा. करीब 10 मिनट बाद उसने कुछ बोलने की कोशिश की.
मृतक का अंतिम बयान
पुलिस के मुताबिक, दीपांश ने अस्पताल ले जाते समय या मौके पर अपने बयान में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और सास ने दो-तीन अन्य लोगों की मदद से उसे आग लगा दी. इस बयान को पुलिस अधिकारी ने अपने फोन पर रिकॉर्ड भी किया. मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था.
इस संबंध में पहले महिलाओं के खिलाफ क्राइम सेल में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी. पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है. इलाके में इस घटना से काफी सनसनी फैली हुई है.