मुंबई के वर्ली में शिवसेना (शिंदे गुट) नेता के बेटे मिहिर शाह द्वारा BMW कार से दंपति को टक्कर मारने के मामले में BMC ने बड़ी कार्रवाई की है. बता दें कि नगर निगम के अधिकारियों ने जुहू स्थित वाइस ग्लोबल तापस बार के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया और कर्मचारियों ने बार में तोड़फोड़ की है. दरअसल इसी बार में आरोपी मिहिर शाह आया था. आरोप है कि उसने बार में शराब पी थी.

इससे पहले इस मामले में कार्यवाही करते हुए मुंबई पुलिस ने आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार किया. दरअसल रविवार को वर्ली इलाके में ये हादसा हुआ और इस हादसे में कावेरी नखवा नाम की महिला की मौत हो गई थी, जबकि उसके पति प्रदीप नखवा घायल हो गए थे. उस एक गलती की वजह से आज एक परिवार टूट गया.
ये तस्वीरें देखिए, जहां प्रदीप, अपनी जीवनसाथी की याद में रो रहे हैं...तो वहीं ये बेटी, जो आज भी अपनी मां को याद कर रही है....वहीं इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है... लेकिन परिवार अब भी न्याय की गुहार लगा रहा है...इस बीच शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे मृतका कावेरी नखवा के घर उनके परिजनों से मिलने पहुंचे...

वहीं शिवसेना शिंदे (Shivsena Shinde) गुट की तरफ से आरोपी मिहिर शाह (Mihir Shah) के पिता खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. पार्टी ने मिहिर शाह के पिता राजेश शाह (Rajesh Shah) को पद से हटा दिया है. राजेश शाह पर बेटे की सहायता करने का आरोप है.

बता दें कि हादसे के बाद से ही शिवसेना इस मुद्दे पर घिरी हुई थी. विपक्ष की तरफ से पार्टी पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था कि वह राजेश शाह पर कोई एक्शन ले, जिसके बाद पार्टी की तरफ से यह कार्रवाई देखी गई है. हालांकि पार्टी राजेश शाह के खिलाफ कुछ करेगी, इसकी भनक मंगलवार को ही लग गई थी.
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कुछ चौंकाने वाले दावे किए हैं. उन्होंने कहा कि ये एक्सीडेंट नहीं, हत्या है. राउत के इस बयान से सनसनी फैल गई है. साथ ही अन्य नेताओं ने शिंदे पर राजेश शाह को बचाने का आरोप लगाया था. इस मामले में मुख्य आरोपी मिहिर शाह को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है.