महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने और पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील पर की गई उनकी विवादित टिप्पणी के कारण उनके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के अनुसार, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र गुप्ता की शिकायत पर सदर कोतवाली थाने में सांसद अजेंद्र लोधी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) के तहत FIR दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप है कि सांसद ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बिना अनुमति के सड़क जाम कर यातायात व कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया.
बताया जा रहा है कि सोमवार को समाजवादी पार्टी ने बिजली के स्मार्ट मीटर समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर महोबा में प्रदर्शन किया. इसमें अजेंद्र लोधी भी शामिल हुए. प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया. इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी की तीखी आलोचना करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें देश विरोधी तक कह दिया.
सांसद का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक गर्मी बढ़ गई. भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और सांसद का पुतला भी फूंका. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस बयान की निंदा करते हुए इसे पूरी तरह अक्षम्य बताया.