कोलकाता: मध्य हावड़ा के शिवपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता शमीम अहमद के आवास पर पुलिस छापेमारी के दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ है. उनके घर के नीचे एक आलीशान भूमिगत तहखाना मिला है, जिसकी लग्जरी देखकर छापा मारने वाली टीम भी चौंक गई. यह तहखाना बाहरी तौर पर सामान्य दिखने वाले घर के अंदर छिपा हुआ था.
एक गुप्त दरवाजे से होकर पहुंचने वाली सुरंग आलीशान कमरों तक जाती है. इन कमरों में महंगे फर्नीचर, बेड, टीवी, फ्रिज, डिजाइनर ड्रेसिंग टेबल और अन्य ब्रांडेड सामान मौजूद हैं. तहखाने में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए थे, जो इसकी निगरानी करते थे. पूरे सेटअप को फिल्मी स्टाइल में बनाया गया लगता है.
शमीम अहमद फिलहाल फरार हैं. हाल ही में हावड़ा के शिवपुर चौराबस्ती इलाके में हुई चुनावी हिंसा, बमबाजी और फायरिंग के मामले में उनका नाम आरोपी के रूप में सामने आया था. BJP कार्यकर्ताओं पर हमले के इस मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, उसी दौरान उनके घर पर छापा पड़ा. घर का बाहरी हिस्सा देखकर कोई अनुमान नहीं लगा सकता था कि अंदर ऐसा भव्य इंतजाम होगा.
शमीम अहमद का विवादास्पद बैकग्राउंड
शमीम अहमद को पूर्व मंत्री अरूप रॉय का करीबी माना जाता है. रामनवमी शोभायात्रा पर हुए पुराने हिंसक हमले में भी उनकी संलिप्तता का आरोप लगा था और NIA ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था. इसके बावजूद वे TMC के स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली नेता बने रहे. BJP ने आरोप लगाया है कि ऐसे गुप्त तहखाने और सुरंगें आपराधिक गतिविधियों का हिस्सा हो सकते हैं. उनके जमीन-जायदाद के कारोबार और अन्य अवैध धंधों से जुड़े होने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि एक स्थानीय नेता के पास इतना भव्य भूमिगत सेटअप बनाने के लिए धन कहां से आया. तहखाने में मिले महंगे सामानों की जांच भी चल रही है. इस खुलासे से इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.