In-laws Suicide: हरियाणा के पानीपत जिले के नारा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है. शादी के महज एक साल बाद सास-ससुर दोनों ने आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि बहू के सोशल मीडिया के शौक, कपड़ों का स्टाइल और पब-बार जाने की आदत ने घर की शांति छीन ली.
क्या है पूरा मामला?
9 मई 2026 को सुमन (44) और उनके पति राजेश (46) ने सल्फास की गोलियां खा लीं. सुमन की मौत शनिवार रात पानीपत सिविल अस्पताल में हो गई, जबकि राजेश रविवार को रोहतक के पीजीआई में इलाज के दौरान चल बसे. दोनों के सुसाइड नोट या जांच में सामने आए बयानों से परिवार के अंदर चल रहा तनाव खुलकर सामने आया.
कैसे शुरू हुआ सब?
आशीष, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, की मुलाकात दिल्ली की स्नेहा से इंस्टाग्राम पर हुई. दो साल की दोस्ती के बाद जनवरी 2025 में परिवार की सहमति से दोनों की शादी हो गई. लेकिन शादी के बाद आशीष का व्यवहार अचानक बदल गया. वह माता-पिता की कोई बात नहीं सुनता और हर मुद्दे पर पत्नी स्नेहा का साथ देता.
बढ़ते गए विवाद
परिवार वालों के अनुसार, स्नेहा गांव में छोटे-कपड़े पहनकर घूमती, जिस पर सास-ससुर को आपत्ति होती. जब उन्हें टोका जाता तो बहू झगड़ा शुरू कर देती. इसके अलावा वह शादी के बाद भी पब और बार जाना जारी रखे हुए थी. घर वाले जब रोकते तो वह नहीं मानती. स्नेहा लगातार इंस्टाग्राम रील्स भी बनाती रहती थी, जिससे गांव में परिवार की इज्जत को ठेस पहुंच रही थी. बेटा आशीष भी उसे समझाने की कोशिश करता, लेकिन स्नेहा अपनी मर्जी से नहीं हटती थी.
पुलिस जांच शुरू
आखिरकार इस लगातार तनाव और टॉर्चर ने सास-ससुर को इतना तोड़ दिया कि उन्होंने इस दुनिया से खुद को अलग कर लिया. एक तरफ जहां शादी से पहले सब कुछ ठीक लग रहा था, वहीं शादी के बाद घर में रोज झगड़े और बेइज्जती का सिलसिला शुरू हो गया, जिसका अंत दो मौतों के साथ हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.