लखनऊ/बाराबंकी: आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बाराबंकी में हुए पथराव और धक्कामुक्की को लेकर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उनकी हत्या की साजिश रची गई थी और कार को आग लगाने की तैयारी की जा रही थी. चंद्रशेखर आजाद गोंडा में विनोद साहनी की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलने जा रहे थे. रास्ते में बाराबंकी में पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इसी दौरान धक्कामुक्की हुई और उनके काफिले पर पथराव का आरोप लगा.
क्या बोले चंद्रशेखर आजाद?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी करते हुए चंद्रशेखर ने कहा, “एक फार्म हाउस में मेरी हत्या की साजिश रची गई थी. लोग बोतल में पेट्रोल-डीजल लेकर घूम रहे थे. मेरी कार जलाने की तैयारी थी. मेरे पास इसकी पुख्ता सूचना है. सरकार पूरे मामले की जांच करा ले, पता चल जाएगा कि कौन साजिश रच रहा था.” उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद होने के बावजूद सुरक्षा में रहते हुए अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिन के उजाले में पत्थरबाजी हो रही है और पेट्रोल-डीजल की बोतलें लेकर लोग घूम रहे हैं.
विरोधियों को चेतावनी
चंद्रशेखर ने कहा कि आरक्षण विरोध, यूजीसी मामला, रामलखन मौर्य, विनोद साहनी, रमेश कोहली की हत्या या कौशांबी की पाल समाज की बेटी का मामला हो, हर जगह उन्होंने कमजोरों की आवाज उठाई है. इसलिए राजनीतिक रूप से न रोक पाने पर हत्या की साजिश रची जा रही है.
बिना किसी का नाम लिए उन्होंने विरोधियों को चेतावनी दी, “मेरी मौत आपके हाथ लिखी होगी तो हो जाएगी, लेकिन अगर आप कामयाब नहीं हो पाए और मेरे लोगों ने मुझे ताकत दी तो आप जैसे गुंडों को पलायन करना पड़ेगा. मौत से डरकर नहीं जिया जा सकता.” चंद्रशेखर आजाद ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.