Coaching centre flooding incident: नहीं थम रहा विरोध-प्रदर्शन, अबतक नहीं मिलने आए MCD के अधिकारी, 7 गिरफ्तार

Global Bharat 29 Jul 2024 02:12: PM 3 Mins
Coaching centre flooding incident: नहीं थम रहा विरोध-प्रदर्शन, अबतक नहीं मिलने आए MCD के अधिकारी, 7 गिरफ्तार

ओल्ड राजिंदर नगर में एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भर जाने से UPSC के तीन छात्रों की मौत के मामले में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन जारी है. इसी बीच दिल्ली के करोल बाग में छात्रों का विरोध प्रदर्शन सोमवार सुबह भी जारी रहा. छात्रों की शिकायत है कि दिल्ली नगर निगम (MCD) का कोई भी अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया.

छात्रों का कहना है कि हम पिछले दो दिनों से यहां बैठे हैं, लेकिन MCD का कोई भी अधिकारी हमसे मिलने नहीं आया है. हमने कल DCP को अपनी मांगें सौंपी थी. बता दें कि दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में राउ स्टडी सर्किल की इमारत के बेसमेंट में बारिश के बाद पानी भर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी और इस पर अभी जमकर सियासत चल रही है.

छात्रों ने शिकायत की कि लाइब्रेरी में प्रवेश के लिए बायोमेट्रिक एक्सेस अनिवार्य है, जो ज़्यादातर बेसमेंट में स्थित हैं. एक छात्र ने बताया कि 27 जुलाई को जो हुआ, वह यह था कि बायोमेट्रिक ब्लॉक हो गया था, जिसकी वजह से बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण छात्र अंदर फंस गए. इस त्रासदी को टाला जा सकता था. छात्र ने बताया कि बायोमेट्रिक्स के विकल्प सुनिश्चित किए जाने चाहिए ताकि ऐसी दूसरी त्रासदी को टाला जा सके.

13 कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट को सील

रविवार को एमसीडी ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने के आरोप में करोल बाग में 13 कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट को सील कर दिया. मेयर शेली ओबेरॉय ने बेसमेंट में अवैध रूप से चल रहे कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

7 लोगों को किया गया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने घटना के सिलसिले में कोचिंग सेंटर के मालिक और समन्वयक सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने जानकारी दी है कि बेसमेंट के मालिकों और एक व्यक्ति सहित पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसने एक वाहन चलाया, जिसने इमारत के गेट को नुकसान पहुंचाया. बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधि करने की कोई अनुमति नहीं थी.

एक ड्राइवर को किया गया गिरफ्तार

डीसीपी ने कहा कि हमने एमसीडी से जानकारी मांगी है और हम उनकी भूमिका की भी जांच करेंगे. सभी कोणों से जांच चल रही है. पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों से शांति बनाए रखने और मुख्य सड़कों को अवरुद्ध न करने की अपील की और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. डीसीपी ने कहा कि ओल्ड राजेंद्र नगर मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए ड्राइवर की ओर से लापरवाही साबित हुई है. वह गाड़ी बहुत तेज चला रहा था, जिसके कारण कोचिंग सेंटर का गेट टूट गया. बिल्डिंग के गेट से टकराने से पहले एक रेहड़ी वाले ने उसे रोकने की कोशिश की थी.

एक दृष्टि आईएएस का सेंटर भी सील

इसी बीच प्रदर्शन कर रहे छात्रों से दिल्ली के एलजी मिलने पहुंचे. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि आज ही 13 कोचिंग सेंटर सील किए गए हैं. जिसमें से एक दृष्टि आईएएस कोचिंग संस्थान का सेंटर भी शामिल है. यह संस्थान दिल्ली के नेहरू विहार में स्थित है. वहीं जिस कार की वजह से हादसा हुआ उसके ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया है कि तेज गति से गाड़ी चलाने की वजह से यह हादसा हुआ ऐसा प्रतीत हो रहा है.

अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, MCD अधिकारी पर कार्रवाई

ताजा जानकारी के मुताबिक ओल्ड राजेंद्र नगर में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलाया गया है और नाले के आस-पास से अवैध निर्माण को हटाया गया है. साथ ही एमसीडी ने भी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है. एमसीडी ने एक जूनियर इंजीनियर को टर्मिनेट कर दिया है. साथ ही एक असिस्टेंट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.

Recent News