नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. अमेरिका से दिल्ली पहुंचे CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हजारों युवा और छात्र कॉकरोच मुखौटे लगाकर जमा हुए. प्रदर्शन की शुरुआत में CJP ने शिक्षा मंत्री को शाम 5 बजे तक इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया था. लेकिन शाम होते-होते कोई सरकारी प्रतिक्रिया न मिलने पर पार्टी ने अपना समय बढ़ाकर 7 दिन कर दिया.
अभिजीत दीपके और उनके समर्थकों ने साफ चेतावनी दी, ''अगर सात दिनों के अंदर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते या प्रधानमंत्री उन्हें बर्खास्त नहीं करते, तो हम पूरे देश में यह आंदोलन फैला देंगे.''
CJP मुख्य रूप से NEET और अन्य परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रही है. पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन जनता की भारी निराशा का नतीजा है. इससे पहले 8 लाख से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर भी किए थे.प्रदर्शन में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए. वामपंथी छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया.
सोशल मीडिया से सड़क तक
CJP का यह पहला बड़ा ऑफलाइन प्रदर्शन था. मुख्य न्यायाधीश के एक बयान से शुरू हुआ यह अभियान अब जमीनी स्तर पर आंदोलन का रूप ले रहा है. अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों से किताब, तिरंगा और फूल लेकर आने की अपील की थी, जो शांतिपूर्ण प्रदर्शन का प्रतीक था.
अभी देखना यह होगा कि अगले सात दिनों में सरकार की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है और CJP अपना आंदोलन कितना आगे बढ़ा पाती है. यह प्रदर्शन शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर युवाओं के बढ़ते गुस्से को दर्शाता है.