''2027 में यूपी में बनेगी INDIA गठबंधन की सरकार...'' कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना का बड़ा दावा, सपा संग सीट बंटवारे पर क्या कहा?

Amanat Ansari 24 Oct 2026 06:55 PM 1 Mins
''2027 में यूपी में बनेगी INDIA गठबंधन की सरकार...'' कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना का बड़ा दावा, सपा संग सीट बंटवारे पर क्या कहा?

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र ‘मोना’ ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य ‘इंडिया’ गठबंधन को मजबूत करते हुए 2027 में प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनाना है. आराधना मोना ने स्पष्ट किया, “गठबंधन की सरकार बनेगी और उसमें सभी घटक शामिल होंगे.” यह पूछे जाने पर कि यूपी में सपा की मुख्य भूमिका होने के बावजूद कांग्रेस सरकार में शामिल होगी या नहीं, उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया.  

सपा के साथ सीट बंटवारे पर साफ कहा

2027 में सपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर संभावित रस्साकशी के सवाल पर मोना ने कहा, “कतई कोई रस्साकशी नहीं है. इसमें कहीं कोई विषमता नहीं है और बहुत जल्द दोनों दलों का नेतृत्व आपस में स्थिति स्पष्ट कर देगा.”  2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 17 सीटें मिलने के आधार पर 2027 में सिर्फ 85 सीटों पर दावेदारी होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि उन सीटों के अलावा कांग्रेस कहीं और नहीं है. कांग्रेस का जनाधार बढ़ा है. फॉर्मूला तैयार करना नेतृत्व का काम है.”  

मोदी सरकार पर तंज

आराधना मोना ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में ही मोदी का अहंकार टूटा और उनकी ‘400 पार’ की बात रुक गई. उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के समर्थन की बैसाखी पर टिकी है, जिसकी सबसे बड़ी वजह उत्तर प्रदेश है. उन्होंने आगे कहा कि पार्टी 2024 से बेहतर प्रदर्शन 2027 में और 2027 से बेहतर प्रदर्शन 2029 में करेगी.

योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी को हराने के लक्ष्य पर उन्होंने कहा, “यह तो समय बताएगा. राजनीति में कोई चीज स्थायी नहीं होती, केवल विचारधारा स्थायी होती है.” आराधना मोना प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट से तीन बार विधायक रह चुकी हैं और कांग्रेस के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से आती हैं. उनके पिता प्रमोद तिवारी राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता हैं.

Recent News