राजकुमार भाटी नहीं संभले तो हटा देंगे, रामगोपाल यादव का सपा प्रवक्ता को अल्टीमेटम

Amanat Ansari 23 Oct 2026 06:59 PM 1 Mins
राजकुमार भाटी नहीं संभले तो हटा देंगे, रामगोपाल यादव का सपा प्रवक्ता को अल्टीमेटम

इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी को सख्त अल्टीमेटम दे दिया है. उन्होंने साफ कहा कि अगर भाटी नहीं संभले और ऐसे विवादित बयान देते रहे तो उन्हें प्रवक्ता के पद से हटा दिया जाएगा. रामगोपाल यादव शुक्रवार को इटावा में एमएलसी चुनाव में वोट डालने पहुंचे थे.

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राजकुमार भाटी के हालिया बयान पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “राजकुमार भाटी का बयान व्यक्तिगत हो सकता है. पार्टी इसका विरोध करती है. उन्हें इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए. अगर वह नहीं संभले और ऐसे बयान देते रहे तो उन्हें प्रवक्ता के पद से हटा दिया जाएगा.”

क्या था विवाद?

पिछले दिनों सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें वे मंच पर हिंदू देवी-देवताओं (ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम और कृष्ण) को न मानने और उनकी पूजा न करने की शपथ लेते दिख रहे थे. वीडियो के साथ यह दावा भी किया गया कि उन्होंने हिंदू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपना लिया है.

इसके बाद भाटी ने सफाई दी कि उन्होंने अपना धर्म नहीं बदला है और न ही ऐसा कोई इरादा रखते हैं. उन्होंने कहा कि वे 20 अक्टूबर को दिल्ली के अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध महासभा के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे.

उन्होंने हिंदू धर्म की तारीफ करते हुए कहा कि यह बहुत उदार धर्म है और भाजपा उन्हें बदनाम करने के लिए अभियान चला रही है. इस मौके पर रामगोपाल यादव ने सपा के प्रत्याशियों की जीत का दावा भी किया और भाजपा पर निशाना साधा.

Recent News