पूर्व विधायक लल्ला भैया के बेटे शारदेन मोहन पर एक घंटे में 2 मुकदमे दर्ज

Amanat Ansari 23 Oct 2026 06:13 PM 1 Mins
पूर्व विधायक लल्ला भैया के बेटे शारदेन मोहन पर एक घंटे में 2 मुकदमे दर्ज

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के करनैलगंज में पूर्व विधायक स्वर्गीय अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के बेटे कुंवर शारदेन मोहन सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने करीब एक घंटे के अंदर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं. दोनों मामलों में जांच चल रही है.

पहला मामला

सरयू रेलवे क्रॉसिंग पर मारपीट और हवाई फायरिंग- 16 अक्टूबर की रात सरयू रेलवे क्रॉसिंग के पास हुए विवाद में हरदोई जिले के कटका खुर्द निवासी दीपू सिंह ने शिकायत दर्ज कराई. आरोप है कि शारदेन मोहन सिंह के काफिले से आए 35-40 लोगों ने दीपू सिंह और उनके दो साथियों को पीटा.

शिकायत में गले पर पैर रखकर जान से मारने की कोशिश, धमकी और हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया गया है. दीपू सिंह जनसत्ता दल के प्रचार वाहन के चालक बताए जाते हैं.

दूसरा मामला

दशहरा मेले में हंगामा- 20 अक्टूबर को करनैलगंज के रामलीला मैदान में दशहरा मेले के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर हंगामा हुआ. कस्बा चौकी प्रभारी सुमित कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ.

आरोप है कि शारदेन मोहन के 40-50 समर्थकों ने धक्का-मुक्की, गाली-गलौज की और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की. पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है. करनैलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है.

Recent News