नई दिल्ली: मुरैना जिले के पोरसा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची एक नाबालिग लड़की का मेडिकल कराया गया. अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखकर डॉक्टरों के हाथ-पांव फूल गए. लड़की आठ महीने की प्रेग्नेंट थी. हालत गंभीर देखते हुए उसे फौरन ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल शिफ्ट किया गया.
वहां इलाज के दौरान उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया. अभी भी उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह ICU में डॉक्टरों की निगरानी में है. जब पुलिस ने नाजुक हालत में भी लड़की से बात की तो जो खुलासा हुआ, उसने सबको स्तब्ध कर दिया. लड़की ने रोते-रोते बताया कि उसके साथ महीनों तक बलात्कार करने वाला कोई बाहर का शख्स नहीं, बल्कि उसका सगा चचेरा भाई था.
घर के अंदर ही यह घिनौना खेल चलता रहा और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई. परिवार वाले पहले तो चुप रहे, लेकिन जब पेट बढ़ने लगा तो लड़की को पेट दर्द का बहाना बनाकर अस्पताल ले गए. अब सच सामने आते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है. पोरसा पुलिस ने लड़की के बयान पर तुरंत FIR दर्ज कर ली.
चचेरे भाई के खिलाफ POCSO एक्ट और बलात्कार की धाराओं में केस दर्ज हुआ है. पुलिस की टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए छापे मार रही हैं. आरोपी अभी फरार है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा. घर की चारदीवारी के अंदर हुआ यह जुल्म एक बार फिर बता गया कि कई बार सबसे बड़ा खतरा अपने ही बीच छिपा होता है.