नई दिल्ली : भारत पाकिस्तान युद्ध (india Pakistan war) के बीच भारत के एक और सबसे बड़े दुश्मन दाऊद इब्राहीम से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक सालों से पाकिस्तान में पनाह लेकर बैठे इस देश के दुश्मन ने पाकिस्तान छोड़ने का फैसला कर दिया है, जबकि इसके सबसे खास गुर्गे छोटा शकील तो अब तक देश छोड़ भी चुका है. सूत्रों के मुताबिक दोनों ही दहशतगर्दों को अपनी सुरक्षा को लेकर टेंशन हो रही है, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद को डर है कि कहीं भारत-पाक लड़ाई में उसके ठिकाने पर भी मिसाइल अटैक ना कर दिया जाए. क्योंकि उसे ये महसूस हो रहा है कि पाकिस्तान अब सुरक्षा देने का काबिल नहीं रहा है. यही वजह है कि दाऊद ने पाकिस्तान को छोड़ने का फैसला किया है.
3 दशक से पाकिस्तान में बैठा है दाऊद
1993 में मुंबई में हुए ब्लास्ट का मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) पिछले तीन दशक से पाकिस्तान में पनाह लिए बैठा है. इस दौरान कई बार दाऊद को लेकर अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत ने ये मुद्दा भी उठाया, लेकिन पाकिस्तान हमेशा से ही इस बात से इनकार करता रहा है कि दाउद पाकिसतान में है. लेकिन अब जंग की वजह से हालात बदल चुके हैं, यही वजह है कि दाऊद और छोटा शकील को पाकिस्तान के अंदर अपनी जान का खतरा सताने लगा है. और वो नए ठिकाने की तलाश कर रहे हैं.
मुंबई ब्लास्ट में गई थी 257 लोगों की जान
1993 में मुंबई के अंदर जो सीरियल ब्लास्ट हुए थे उनमें करीब 257 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. ये भारत के अंदर हुए सबसे बड़े आतंकी हमलों में एक माना जाता है. इस हमले को कराने में दाऊद ने पाकिस्तान का पूरा समर्थन किया था. उसने ही बारूद लाने से लेकर ब्लास्ट कराने तक हर चीज की व्यवस्था की थी.
दाऊद का सबसे खास है छोटा शकील
जब से दाऊद इब्राहिम ने अपने आतंकी संगठन डी-कंपनी को बनाया है, तभी से छोट शकील इस गैंग का प्रमुख सदस्य और दाऊद का सबसे भरोसेमंद रहा है. शकील ही दाऊद के इशारों पर आतंकी गतिविधियों के संचालित करता है. जब से खुफिया विभाग को छोटा शकील के भागने की खबर मिली है, तभी से एजेंसियां और भी ज्यादा सतर्क हो गई हैं. हालांकि छोटा शकील पाकिस्तान छोड़ कर कहां भागा है इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं है.