दिल्ली: लाल किले के पास कार धमाके में 8 की मौत; पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित, यूपी भी सतर्क

Amanat Ansari 10 Nov 2025 08:36: PM 2 Mins
दिल्ली: लाल किले के पास कार धमाके में 8 की मौत; पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित, यूपी भी सतर्क

नई दिल्ली: लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार को एक कार धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 24 घायल हो गए. धमाके से आग लग गई, जिससे आसपास की तीन-चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. यह घटना स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुई. दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने मीडिया को यह जानकारी दी है. लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि आठ लोगों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. तीन गंभीर रूप से घायल हैं. एक की हालत स्थिर है. धमाके के बाद राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

धमाके में घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है. सूत्रों ने मीडिया को बताया कि कई घायलों को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया. मौके पर कुल 7 दमकल गाड़ियां पहुंच गई हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी साइट पर पहुंच गई है. धमाके का कारण अभी पता नहीं चल सका है. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल मैं कुछ नहीं बता सकता. जांच चल रही है.

डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक बताया कि हमें जानकारी मिली कि चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में धमाका हुआ है. हमने तुरंत रिस्पॉन्स किया और सात यूनिट्स मौके पर भेजीं. शाम 7:29 बजे आग पर काबू पा लिया गया. इसमें हताहतों की संभावना है. हमारी सभी टीमें मौके पर मौजूद है. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मैंने अपने घर से लपटें देखीं और फिर नीचे आकर देखा कि क्या हुआ. बहुत तेज धमाका हुआ था. मैं पास में ही रहता हूं. मैंने जीवन में कभी इतना तेज धमाका नहीं सुना.

एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि धमाके से मैं तीन बार गिर पड़ा. लगा कि हम सब मर जाएंगे. एक अन्य गवाह ने कहा कि जब हम पास आए तो सड़क पर शरीर के अंग बिखरे देखे. किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ. कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं. उन्होंने आगे कहा कि जब सड़क पर किसी का हाथ देखा तो हम पूरी तरह सदमे में आ गए. इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता. 

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके के बाद उत्तर प्रदेश को रेड अलर्ट पर डाल दिया गया है. एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि डीजीपी ने राज्य के सभी सीनियर अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, संवेदनशील जिलों और बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. अमिताभ यश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. लखनऊ से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने का आदेश जारी किया गया.

Delhi Car blast Red Fort blast Delhi blast

Recent News