Delhi Ac Blast : दिल्ली के हौज खास इलाके में बुधवार रात दर्दनाक हादसे में 80 वर्षीय रिटायर आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घर में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग फैल गई, जिससे पूरा घर धुएं से भर गया. हादसे के समय घर में परिवार और स्टाफ समेत पांच लोग मौजूद थे. आग में अधिकारी का बेटा भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घटना को लेकर पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने प्रशासन और फायर ब्रिगेड पर गंभीर सवाल उठाए हैं. महिला का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचने में 20 से 25 मिनट लगा बैठी. उनका कहना है कि बहाना बनाया गया कि गली संकरी थी और लोकेशन नहीं मिल रही थी, जबकि वहां दमकल वाहन आसानी से पहुंच सकते थे.
महिला ने बताया कि पड़ोसियों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को लगातार फोन किया. आरोप है कि पुलिस शुरुआती समय में बिना जरूरी उपकरणों के पहुंची थी. बाद में लोगों के कहने पर नजदीकी थाने से फायर एक्सटिंग्विशर लाया गया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी.
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया. घर से बाहर निकालने के बाद धनेंद्र कुमार और उनके बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान पूर्व आईएएस अधिकारी की मौत हो गई. शुरुआती जांच में एसी के इनडोर यूनिट में ब्लास्ट को आग लगने की वजह माना जा रहा है.