Prasonejeet Saha : पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय नेता की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति फिर गरमा गई है. उत्तर 24 परगना जिले के बांदीपुर ग्राम पंचायत के उप-प्रधान और प्रभावशाली टीएमसी नेता प्रसेनजीत साहा को पुलिस ने जबरन वसूली, धमकी देने और अवैध संपत्ति जुटाने के आरोपों में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें बैरकपुर उप-विभागीय अदालत में पेश किया गया, जहां मामले को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई.
प्रसेनजीत साहा इलाके में लंबे समय से प्रभावशाली नेता माने जाते रहे हैं. उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने राजनीतिक रसूख और पंचायत पद का इस्तेमाल कर लोगों पर दबाव बनाया और अवैध तरीकों से भारी संपत्ति खड़ी की. हाल के दिनों में उनका आलीशान बंगला पी गैलेक्सी हाउस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ था. महल जैसे दिखने वाले इस घर का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था कि एक स्थानीय पंचायत नेता इतनी बड़ी संपत्ति का मालिक कैसे बन गया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रसेनजीत साहा के प्रभाव में इलाके में डर और दबाव का माहौल बना हुआ था. उन पर यह भी आरोप लगे हैं कि कल्याणी एक्सप्रेसवे के पास मौजूद वेटलैंड्स को अवैध तरीके से भरवाकर जमीन को महंगे दामों में बेचा गया. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
बीजेपी ने इस मामले को लेकर टीएमसी पर तीखा हमला बोला है. पार्टी नेताओं ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार और दबाव की राजनीति चल रही है. वहीं टीएमसी की ओर से मामले पर फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.