दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं मौसम विभाग की तरफ से हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है. इसी बीच दिल्ली के उप राज्यपाल ने भीषण गर्मी को देखते हुए मजदूरों को लेकर बड़ा आदेश दिया है, जिससे राज्य के मजदूरों को बड़ी राहत मिलने वाली है.
दरअसल, दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने मजदूरों को 12 बजे से लेकर 3 बजे तक काम से छुट्टी देने की बात कही है. बता दें कि मजदूरों को मिलने वाली इस राहत के बदले कोई भी उनकी सैलरी नहीं काट सकेगा और मजदूरों को पूरी मजदूरी मिलेगी.
दिल्ली के LG वीके सक्सेना के आदेश में कहा गया है कि श्रमिकों के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सवेतन छुट्टी रखना होगा. साथ ही निर्माण स्थल पर श्रमिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और नारियल पानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं बस स्टैंड पर घड़ों में पानी रखने के लिए भी कहा गया है.
बता दें कि दिल्ली में गर्मी के कड़े तेवर से लोग झुलसने को मजबूर हैं. मंगलवार को तो दिल्ली के मौसम विभाग के तीन केंद्रों पर तापमान 49 डिग्री से अधिक होने के कारण पचास डिग्री की तपिश महसूस हुई.
कहां कितना रहा तापमान?
मुंगेशपुर व नरेला में अधिकतम तापमान 49.9 और नजफगढ़ में तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली के मानक केंद्र सफदरजंग में तापमान पांच डिग्री अधिक 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 57 साल के इतिहास में पहली बार मंगलवार को आयानगर और 51 साल में रिज में तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया.