नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी दिल्ली को पूरी तरह छावनी में बदल दिया गया है. नोएडा-दिल्ली बॉर्डर (चिल्ला चेकपॉइंट) पर बीएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं. संदिग्ध वाहनों और लोगों की गहन चेकिंग हो रही है. रात 9 बजे से बॉर्डर सील करने की तैयारी है. सीमा पर आरसीसी बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जिन्हें जीरों (जेर्सी बैरियर) से जोड़कर मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है.
दिल्ली पुलिस, नोएडा पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती के साथ पूरे इलाके में कड़ी निगरानी जारी है. केंद्र ने करीब 23,000 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान दिल्ली पुलिस की मदद के लिए उपलब्ध कराए हैं. इसके अलावा कल कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, करोल बाग को भी बंद किया गया है.
कई ट्रेनें रद्द की गई हैं, 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने का अनुरोध किया गया है और शराब की दुकानें भी बंद रखने का आदेश है. चेहरे की पहचान वाले कैमरे और बॉडी कैमरे भी तैनात किए गए हैं. CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रही है. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह अलर्ट हैं.