नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार रात 8 बजे इंडिया गठबंधन के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगी. यह बैठक चुनाव आयोग और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़ी विपक्ष की चिंताओं पर चर्चा के लिए तय की गई है.
विपक्षी गठबंधन ने राष्ट्रपति भवन से मुलाकात का समय मांगा था. सूत्रों के अनुसार, बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य दलों के नेता शामिल होने वाले हैं.
विपक्ष पिछले कई दिनों से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है. उनका आरोप है कि SIR प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं. राहुल गांधी, खरगे और अन्य नेता सड़कों पर उतरकर विरोध जता चुके हैं.
यह मुलाकात विपक्ष के प्रदर्शनों के बीच एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. विपक्षी नेता राष्ट्रपति के समक्ष अपनी बात रखेंगे और चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करेंगे.