देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की एक नाबालिग छात्रा द्वारा कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य के समागम में सुनाई गई आपबीती सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक आशिक अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार छात्रा ने आरोप लगाया कि उसके स्कूल के सहपाठी आशिक अंसारी ने उसे प्रेम संबंध के नाम पर भरोसे में लिया, शारीरिक शोषण किया और उससे पैसे भी ऐंठे. पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे कई बार ब्लैकमेल किया तथा घर से पैसे लाने के लिए दबाव बनाया.
बताया गया कि छात्रा ने वृंदावन में आयोजित कथा के दौरान स्वामी अनिरुद्धाचार्य के सामने सार्वजनिक रूप से अपनी कहानी सुनाई. वायरल वीडियो में उसने कहा कि आरोपी के प्रभाव में आकर उसने अपनी मां के घर से हजारों रुपये निकालकर उसे दिए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला, जिसके बाद देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मामले का संज्ञान लिया और पीड़िता के परिवार से संपर्क किया. विधायक के हस्तक्षेप के बाद छात्रा की मां ने बरियारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
देवरिया पुलिस ने 10 मई को दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी आशिक अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच जारी है.