कोलकाता : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश सीमा के पास स्थित हाकिमपुर चेकपोस्ट पर मंगलवार को बड़ी संख्या में कथित अवैध बांग्लादेशी प्रवासी जमा हुए. यह घटनाक्रम भाजपा नीत नई पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा शुरू की गई डिटेक्ट, डिलीट एंड डिपोर्ट नीति के बाद सामने आया है. सरकार की इस नीति के तहत अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
सीमा पर पहुंचे कई लोगों ने दावा किया कि वे पिछले कुछ वर्षों से पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों में रहकर मजदूरी और छोटे-मोटे काम कर रहे थे. इसी दौरान एक बांग्लादेशी प्रवासी ने बताया, यहां अभी काफी परेशानी चल रही है, इसलिए हम वापस जा रहे हैं. काम नहीं मिल रहा और कोई रहने भी नहीं दे रहा. हम दो-तीन साल पहले बांग्लादेश से यहां आए थे. हमें एक व्यक्ति यहां लेकर आया था. मेरे पास न आधार कार्ड था और न ही राशन कार्ड। मैं हावड़ा जिले में मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता था. हम 10 लोग आए थे, लेकिन अभी मैं अकेला वापस लौट रहा हूं.