इजरायल सिर्फ मेरी वजह से बचा, डोनाल्ड ट्रंप बोले- यहूदी देश को भरना होगा हमारा नुकसान

Amanat Ansari 10 Nov 2026 12:14 PM 1 Mins
इजरायल सिर्फ मेरी वजह से बचा, डोनाल्ड ट्रंप बोले- यहूदी देश को भरना होगा हमारा नुकसान

वाशिंगटन/तेलअवीव: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ईरान के खिलाफ न उतरा होता तो इजरायल नहीं बचता. साथ ही उन्होंने साफ कहा कि इस युद्ध में जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई इजरायल समेत उन देशों को करनी होगी जिन्हें अमेरिका ने सुरक्षा दी है.

ट्रंप ने सीबीएस न्यूज के 60 मिनट्स कार्यक्रम में दिए इंटरव्यू में कहा कि बिना हमारा इजरायल नहीं बचता. डोनाल्ड ट्रंप के बिना इजरायल का अस्तित्व ही नहीं रहता. उन्होंने जून 2025 में ईरान के परमाणु ठिकानों पर किए गए बी-2 बमवर्षक हमलों का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिका ने ही इजरायल की रक्षा की, वरना उसका बचना मुश्किल था. उन्होंने यह भी कहा कि जिन देशों को अमेरिका ने बचाया, वे युद्ध की पूरी लागत चुकाएंगे.

यह बयान अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद आया है. ट्रंप ने हार के कारणों में ईरान युद्ध, पेट्रोल की बढ़ती कीमतें और इजरायल के प्रति बहुत नापसंदगी को भी गिनाया. इससे पहले उन्होंने ट्रुथ सोशल पर भी लिखा था कि अगर उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से न रोका होता तो इजरायल और पूरा मिडिल ईस्ट नक्शे से मिट जाता.

अमेरिका ने जून 2025 और फिर 2026 में ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए थे. इससे तेहरान की परमाणु क्षमता बुरी तरह प्रभावित हुई. अमेरिकी कांग्रेस की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि ईरान अब परमाणु बम नहीं बना पा रहा है, हालांकि आशंका जताई गई कि उसके पास अब भी 200 किलो से ज्यादा यूरेनियम किसी सुरंग में छिपा हो सकता है. ईरान अपनी ओर से दावा करता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम सिर्फ शांतिपूर्ण विकास के लिए है और वह परमाणु हथियार नहीं बनाता.

कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा कि “ईरान सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त हो चुका है. हम फिलहाल यथास्थिति बनाए हुए हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का नेतृत्व खत्म कर दिया गया है, लेकिन वे लंबे समय के समाधान पर काम कर रहे हैं ताकि परमाणु कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके. ट्रंप के इस बयान से इजरायल-अमेरिका संबंधों पर नए सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल न तो कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है और न ही युद्ध की लागत चुकाने का कोई ठोस प्रस्ताव सामने आया है.

Recent News