ईडी ने झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम को किया गिरफ्तार, नोटों का मिला था पहाड़

Global Bharat 15 May 2024 08:03: PM 1 Mins
ईडी ने झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम को किया गिरफ्तार, नोटों का मिला था पहाड़

दिनभर हुई पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने बुधवार को देर शाम झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले मंगलवार को भी ईडी ने मंत्री से करीब 10 घंट पूतछाछ की थी.

ईडी की ओर से इस मामले में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल और जहांगीर अंसारी के ठिकानों समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 37 करोड़ रुपये कैश बरामदगी से जुड़े मामले में उन्हें समन किया गया था.

ईडी के अधिकारियों ने मंगलवार को करीब दस घंटे तक उनसे पूछताछ की. वहीं बुधवार को भी आलमगीर आलम ईडी दफ्तर पहुंचे थे, जहां घंटों पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

मंत्री आलमगीर आलम को ईडी ने देर शाम गिरफ्तार किया, जिसके कारण आज रात ईडी ऑफिस में ही आलमगीर आलम की रात गुजरेगी. बताया जा रहा है कि ईडी की ओर से गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.

मंत्री आलमगीर आलम की गिरफ्तारी के बाद मेडिकल चेकअप के लिए सदर अस्पताल की टीम ईडी ऑफिस पहुंची. स्वास्थ्य जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि मंत्री आलमगीर आलम का ब्लड प्रेशर थोड़ा हाई है, वहीं शुगर नार्मल है. डॉक्टरों ने बताया कि आलमगीर आलम पहले से ही बीपी और शुगर की दवाईयां लेते हैं.

बता दें कि 6 मई को ईडी ने आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल के घरेलू नौकर जहांगीर आलम के अपार्टमेंट पर छापा मारा था और 37 करोड़ रुपये से अधिक कैश बरामद किया गया था. छापेमारी के बाद जहांगीर आलम और संजीव लाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था.

Recent News