Falta assembly : तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने फाल्टा री-पोल से जहांगीर खान के नाम वापस लेने को लेकर बड़ा बयान जारी किया है. पार्टी ने साफ कहा कि चुनाव मैदान से हटने का फैसला जहांगीर खान का व्यक्तिगत निर्णय है, न कि पार्टी का आधिकारिक रुख. TMC ने आरोप लगाया कि 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से केवल फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में ही पार्टी के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. पार्टी के मुताबिक, इलाके में कई TMC कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई, उन्हें जबरन बंद कराया गया और खुलेआम डराकर कब्जा करने की कोशिश हुई.
TMC ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और पूरी स्थिति पर आंखें मूंदे रखीं. अपने बयान में TMC ने कहा कि भारी दबाव और प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता मजबूती से डटे हुए हैं और बीजेपी द्वारा एजेंसियों तथा प्रशासन के जरिए किए जा रहे कथित डराने-धमकाने का सामना कर रहे हैं. हालांकि, पार्टी ने यह भी स्वीकार किया कि लगातार दबाव के चलते कुछ लोगों को आखिरकार मैदान छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा.
तृणमूल कांग्रेस ने इस पूरी घटना की कड़ी निंदा करते हुए बीजेपी पर बंगाल विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया. पार्टी ने कहा कि पश्चिम बंगाल से लेकर दिल्ली तक बीजेपी के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए वे पीछे नहीं हटेंगे.