फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महिला ने अपने ही पति पर ऐसा कहर बरपाया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. पुलिस के मुताबिक, पति के घर पहुंचते ही उस पर डंडे से हमला किया गया. गंभीर चोट लगने के बाद उसे चारपाई से बांध दिया गया, ताकि वह बचकर निकल न सके.
आरोप है कि इसके बाद पूरी रात उसे बंधक बनाकर रखा गया और कई बार बिजली का करंट दिया गया. बताया जा रहा है कि उसके पैर के अंगूठे में बिजली का तार बांधकर करंट लगाया गया. दर्द से तड़पते पति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे छुड़ाया. इसके बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला ने टीवी पर प्रसारित अपराध आधारित कार्यक्रम देखकर वारदात की योजना बनाई थी. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह तलाश रही है.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग सोचने पर मजबूर हैं कि आखिर पति-पत्नी के रिश्ते में ऐसा खौफनाक मोड़ कैसे आ गया.