कल इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट... दिल्ली-यूपी-बिहार में सतर्कता बरतने की सलाह

Amanat Ansari 07 Jul 2026 08:00: PM 1 Mins
कल इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट... दिल्ली-यूपी-बिहार में सतर्कता बरतने की सलाह

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कल यानी 8 जुलाई (बुधवार) के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरे जोर पकड़ने के साथ 19 राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश और 18 राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का पूर्वानुमान है.

IMD के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी बारिश (Red Alert) की संभावना है. इसके अलावा 9 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, गुजरात क्षेत्र, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश शामिल हैं.

उत्तर प्रदेश (पश्चिमी भाग), बिहार, दिल्ली-NCR, हरियाणा और चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र-कच्छ, विदर्भ (महाराष्ट्र), केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट

  • 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं: गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना आदि  
  • 40-50 किमी प्रति घंटे: राजस्थान, आंध्र प्रदेश, झारखंड, केरल, लक्षद्वीप  
  • 30-40 किमी प्रति घंटे: बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम आदि
  • कई राज्यों में बिजली गिरने और गरज-चमक की भी आशंका जताई गई है.

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में तूफानी हवाएं चलने की संभावना है. कोंकण, गोवा, गुजरात, कर्नाटक और केरल के तटों पर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मानसून अब गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के बाकी हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. अगले 2-3 दिनों में यह पंजाब सहित देश के शेष हिस्सों को कवर कर लेगा.

मौसम विभाग ने आम जनता को सतर्क रहने, कमजोर इमारतों से दूर रहने और प्रशासनिक दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है. अधिक जानकारी के लिए IMD की आधिकारिक वेबसाइट और ऐप पर नजर रखें.

Weather update weather news heavy rain thunderstorms tornadoes

Recent News