विजयपुरा: देवता के आश्रय वाले मंदिर को भी चोरों ने नहीं बख्शा. कर्नाटक के विजयपुरा जिले के बसराकोड गांव स्थित श्री पवाड़ा बसवेश्वर मंदिर से 32 किलो वजनी चांदी की भगवान बसवेश्वर की मूर्ति चोरी हो गई है. मूर्ति की अनुमानित कीमत 51.20 लाख रुपए बताई जा रही है.
घटना 5-6 जुलाई की रात की है. मंदिर समिति के अनुसार, 5 जुलाई की रात करीब 9 बजे पूजा-अर्चना के बाद पुजारी ने मंदिर के अंदर और बाहर दोनों लोहे के दरवाजों पर ताला लगाकर घर चले गए थे. सोमवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और दोनों ताले टूटे पड़े थे.
गर्भगृह में ऊंचे चबूतरे पर विराजमान चांदी की मूर्ति अपने स्थान से गायब थी. मंदिर समिति के अध्यक्ष करनांदेप्पा बिरादर की शिकायत पर मुद्देबिहाल पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है.
आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का कहना है कि चोर सीधे गर्भगृह तक पहुंचे और मूर्ति को उखाड़कर ले गए. इस घटना से स्थानीय भक्तों में आक्रोश है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने जल्द ही सुलझाने का भरोसा जताया है. मंदिर प्रेमियों और भक्तों के लिए यह घटना बेहद दुखद है. चोरों की जल्द गिरफ्तारी और मूर्ति की बरामदगी की उम्मीद की जा रही है.