गुना: दिल दहला देने वाली घटना में 29 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल निशा शर्मा ने मंगलवार सुबह अपने सरकारी क्वार्टर में चादर से पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. वह हमेशा मुस्कुराती रहने वाली, अपराधियों में खौफ जगाने वाली और फर्राटेदार बुलेट मोटरसाइकिल चलाने वाली जांबाज महिला के रूप में जानी जाती थीं.
पिता अशोक कुमार शर्मा भावुक होकर बताते हैं कि निशा शादी नहीं करना चाहती थी. वह माता-पिता की सेवा करना चाहती थी और भाई-बहनों के साथ परिवार को संभालने की जिम्मेदारी लेना चाहती थी. चार साल पहले जब शादी की बात चली तो उसने साफ मना कर दिया था. शुरू से ही शॉर्ट हेयरस्टाइल और स्टाइलिश लुक के लिए मशहूर कॉन्सटेबल तेज रफ्तार से बाइक चलाती थीं. हाथ पर टैटू बनवाया हुआ था, अपराधियों की दबिश में अग्रिम भूमिका निभाती थीं.
सहकर्मी बताती हैं कि वह कभी उदास नहीं दिखती थीं. दूसरों को हंसाती-खुश रखती थीं. इंस्टाग्राम पर ड्यूटी के वीडियो और रील्स शेयर करती थीं. निशा अशोकनगर जिले के मूल निवासी थीं. परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं. दोनों छोटी बहनों की शादी हो चुकी है, छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है.
सोमवार को नाइट ड्यूटी करने के बाद निशा क्वार्टर पहुंची. मंगलवार सुबह करीब 7 बजे के आसपास उन्होंने फंदा लगाया. दोपहर 12 बजे पुलिस को सूचना मिलने पर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी गई. शव पंखे से लटका मिला. मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. सुबह उन्होंने पोहा बनाकर खाया था.
परिवार शव लेकर अशोकनगर रवाना हो गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. एक जांबाज, खुशमिजाज और समर्पित महिला पुलिसकर्मी का इस तरह चले जाना पूरे पुलिस महकमे को झकझोर गया है.