रीवा/पिथौरागढ़: एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. रीवा के युवा व्यवसायी प्रदीप सोनी की कार्डियक अरेस्ट से अचानक मौत हो गई. पति की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी वैशाली खड़ायत ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आत्महत्या कर ली. दोनों ने सालों पहले मजाक में कहा था, ''साथ जिएंगे, साथ मरेंगे'' और उन्होंने अपना वादा सच कर दिखाया.
प्रदीप सोनी अनंतपुर स्थित अपने घर में अकेले थे. उनकी पत्नी वैशाली कुछ दिन पहले मायके गई हुई थीं. रविवार दोपहर प्रदीप का फोन बंद मिला तो परिजन चिंतित हो गए. घर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा गया तो प्रदीप बाथरूम में मृत पाए गए. प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट को मौत का कारण बताया है.
वैशाली को पति की मौत की सूचना मिलते ही गहरा सदमा लगा. कुछ देर बाद वह घर से निकल गईं. शाम को जाजरदेवल थाना क्षेत्र के नैनीसैनी गधेरे के पास तालाब में उनका शव मिला. घटनास्थल पर उनका मोबाइल और पर्स भी बरामद हुआ.
प्रेम विवाह की कहानी
प्रदीप सोनी और वैशाली खड़ायत ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था. दोनों के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव था. परिवार के अनुसार, एक बार बातचीत में प्रदीप ने कहा था कि वह वैशाली के बिना नहीं जी सकता. वैशाली ने जवाब दिया ''जब तक जिएंगे साथ जिएंगे... साथ मरेंगे. तुम्हारे बिना जीने की कल्पना भी नहीं कर सकती.'' उस समय यह सामान्य बात लगी, लेकिन आज परिवार उसी संवाद को याद कर रो रहा है.
प्रदीप के पिता और स्थानीय सराफा कारोबारी परमानंद सोनी ने बताया कि बहू वैशाली बेटे से बेहद प्रेम करती थी. उन्होंने बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं किया. अतिरिक्त एसपी संदीप मिश्रा ने कहा कि अभी तक किसी संदेहास्पद तथ्य की जानकारी नहीं मिली है. मामले की जांच जारी है.
यह घटना युवाओं में बढ़ते हृदय रोग के खतरे की ओर भी इशारा करती है. डॉक्टरों के अनुसार, अनियमित जीवनशैली, तनाव और कम शारीरिक गतिविधि इसके प्रमुख कारण हैं. एक ही दिन बेटे और बहू को खोने से सोनी परिवार पूरी तरह टूट गया है.