बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर फिर FIR दर्ज की गई है. बता दें कि शालिग्राम गर्ग पर बागेश्वर धाम के ग्राम गढ़ा में महिलाओ एवं बुजुर्ग के साथ मारपीट का आरोप है. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर FIR दर्ज की है.
इन तीन लोगों में शालिग्राम गर्ग, मनजीत सिंह, कुलदीप शामिल हैं. जिनपर धारा 323, 506, 294, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. शालिग्राम पर आरोप है कि वह करीब 15-20 लोगों के साथ एक परिवार के पास पहुंचा और घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की.
पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़ित परिवार की लड़कियों ने यह वीडियो बनाया और उस वीडियो में शालिग्राम और उसके साथ आए लोगों से बचाने की गुहार लगा रही हैं. वहीं महिलाओं के साथ मारपीट होने के बाद महिलाएं अपने परिवार और बच्चों के साथ थाने पहुंची.
पीड़ित महिलाओं ने थाने में उक्त घटना की रिपोर्ट बयां कर मामला दर्ज कराया है. इससे पहले भी शालिग्राम की कई बार गुंडागर्दी की शिकायतें आ चुकी हैं. बता दें कि कुछ दिन पहले एक टोल टैक्स पर शालिग्राम के गुंडागर्दी का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद उसपर FIR दर्ज की गई थी.