दिल्ली में भाजपा विधायक पर SC-ST एक्ट में FIR! अपनी ही पार्टी नेता को बेरहमी से पीटा, जातिसूचक गालियां दीं

Amanat Ansari 15 Sep 2026 09:43 PM 1 Mins
दिल्ली में भाजपा विधायक पर SC-ST एक्ट में FIR! अपनी ही पार्टी नेता को बेरहमी से पीटा, जातिसूचक गालियां दीं

नई दिल्ली: दिल्ली के मुंडका से भाजपा विधायक गजेंद्र दराल पर मंगलवार को बड़ा आरोप लगा है. अपनी ही पार्टी के कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के साथ मारपीट करने और जातिसूचक टिप्पणियां करने के मामले में उनके खिलाफ SC-ST एक्ट और मारपीट की FIR दर्ज कर ली गई है.

यह घटना गुरुवार शाम को हुई थी. पीड़ित सुनील कुमार के अनुसार, विधायक गजेंद्र दराल ने उन्हें मतदाता सूचियों पर चर्चा के बहाने भाजपा कार्यालय बुलाया. वहां पहुंचे सुनील पर अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमकर हमला किया गया. उन्हें पाइप, डंडे और बेल्ट से पीटा गया. इस दौरान कार्यालय को अंदर से बंद कर दिया गया, सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए और उन्हें रात भर बंधक बनाकर रखा गया.

मारपीट के दौरान जातिसूचक अपशब्द भी कहे गए. सुनील कुमार ने इस घटना का वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाई थी, जिसमें उन्होंने शरीर पर आए चोट के निशान भी दिखाए थे. यह वीडियो पिछले करीब तीन दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था.

आम आदमी पार्टी (AAP) समेत विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला. AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने विधायक को बचाने में लगी हुई है. उन्होंने ऐसे गुंडागर्दी करने वाले विधायक को तुरंत पार्टी से निलंबित करने की मांग की.

कोंडली से AAP विधायक कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया पर कहा कि दलित समुदाय के सदस्य के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अभी तक FIR भी दर्ज नहीं हुई थी. उन्होंने पीड़ित को न्याय दिलाने का वादा करते हुए कहा कि जवाबदेही तय होने तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा.

भाजपा ने भी लिया संज्ञान

इस बीच भाजपा प्रदेश अनुशासन समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को दोनों नेताओं, विधायक गजेंद्र दराल और मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है. पुलिस ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए SC-ST एक्ट के तहत कार्रवाई की है. मामले की आगे की जांच जारी है.

Delhi BJP FIR BJP MLA FIR BJP leader FIR MLA Gajendra Daral BJP Mandal President Sunil Kumar

Recent News