एक पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ज़िला अध्यक्ष और उसके प्रेमी को पुलिस ने नाबालिग बेटी के साथ कई बार सामूहिक बलात्कार करवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
बुधवार को पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जनवरी में महिला ने अपनी बेटी को बाहर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गई। उनके साथ उसका प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति भी था, जो इस समय फरार है। बीएचईएल स्टेडियम में तीनों ने शराब पी, और फिर महिला की सहमति से बच्ची को धमकाकर उसके साथ बलात्कार किया गया।
इसके बाद बच्ची को आगरा, वृंदावन और हरिद्वार के होटलों में ले जाया गया, जहां बार-बार उसका यौन शोषण किया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई थी ताकि वह किसी को कुछ न बता सके।
शिकायत में कहा गया है कि हर बार जब बच्ची के साथ बलात्कार किया गया, उसकी मां घटनास्थल पर मौजूद थी। पुलिस ने यह भी बताया कि महिला हरिद्वार में एक होटल को लीज़ पर लेकर चला रही थी।
इस घटना के बाद कोतवाली रानीपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत गैंगरेप और धमकी देने के आरोप में तथा पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत केस दर्ज किया गया।
बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें यौन शोषण की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को हरिद्वार के शिव मूर्ति चौक के पास होटल युग रेजिडेंसी से गिरफ्तार किया गया।
हरिद्वार के एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट से आरोपों की पुष्टि हो गई है।
पीड़िता की मां अपने पति से दो साल पहले घरेलू विवाद के चलते अलग हो गई थी। बच्ची हाल ही में एक महीने के लिए अपने पिता के पास रहने आई थी, जहां उसके बदले हुए व्यवहार को देखकर पिता ने उससे पूछताछ की। इसके बाद बच्ची ने आपबीती सुनाई, और पिता ने पुलिस में शिकायत दी। जिसके बाद बच्ची का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया गया है। दो लोगों को गिरफ्तार करने के बाद तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
भाजपा की हरिद्वार इकाई ने बताया कि आरोपी महिला को अगस्त 2023 में ही पद से हटा दिया गया था। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद भाजपा ज़िला अध्यक्ष ने बताया कि उसे पार्टी से तुरंत ही निकाल दिया गया है.
कांग्रेस प्रवक्ता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि यह मामला भाजपा के नारे “चाल, चरित्र, चेहरा” और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” की असलियत उजागर करता है।