एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष सलील कपूर ने दिल्ली में अपने घर पर कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को इस खबर की पुष्टि की है. घटना के दौरान पुलिस को कपूर के आवास पर एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है. यह दुखद घटना डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग स्थित उनके घर पर हुई. पुलिस के अनुसार, उन्हें दोपहर 2:30 बजे इस घटना की सुचना मिली. जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो उन्होंने सलील कपूर को मृत पाया और उनके पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया.
सुसाइड नोट में सलील कपूर ने अपने उत्पीड़न का ज़िक्र करते हुए कुछ व्यक्तियों का नाम लिया है. पुलिस ने बताया कि यह मामला अब गहन जांच के अधीन है और इस मामले में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और जल्द ही इस पर और अधिक जानकारी उपलब्ध कराएंगे. सलील कपूर, जो एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे, उन्हें उनके व्यापारिक स्किल्स और कंपनी के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता था. उनके इस आकस्मिक निधन से व्यापारिक जगत में शोक की लहर है.
कपूर का अचानक इस तरह से चले जाना उनके परिवार और मित्रों के लिए बेहद दुखदायी है. आपको बता दें, साल 2015 में, सलील कपूर को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा यानी (EOW) ने गिरफ्तार किया था, जब वह 9 करोड़ रुपये से जुड़े दो अलग-अलग धोखाधड़ी के मामलों में वांछित थे. ये दोनों मामले डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए थे.
गौरतलब है साल 2020 में, सलील कपूर की भाभी नताशा कपूर की भी कथित तौर पर आत्महत्या से मृत्यु हुई थी. वह कोलकाता में एक शादी से लौटी थी और एक कथित सुसाइड नोट छोड़ गई थी जिसमें उन्होंने लिखा था कि वह अब और नहीं जी सकती. उनके पति संजय कपूर एटलस साइकिल्स के संयुक्त अध्यक्ष थे. पुलिस अब इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और सलील कपूर की मृत्यु के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
इस बीच, उनके परिवार ने इस दुख की घड़ी में मीडिया और जनता से गोपनीयता बनाए रखने की अपील की है. कपूर के आकस्मिक निधन ने समाज में मानसिक स्वास्थ्य और उत्पीड़न के मुद्दों पर फिर से विचार करने की आवश्यकता को रेखांकित किया है.