मुंबई: शिवसेना (UBT) नेता और पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर शुक्रवार को KEM अस्पताल में एक पुराने विवाद को लेकर भड़क गईं. वे अस्पताल पहुंची थीं, जहां मेडिकल छात्रों द्वारा परिसर में रील बनाने और हालिया ‘मेल कैडेवर’ विवाद पर डीन को ज्ञापन सौंपने गई थीं. इसी दौरान एक पत्रकार ने उनसे साल 2021 के उस विवादित ट्वीट का जिक्र कर दिया, जिसमें उनके अकाउंट से किसी को “तुझे बापाला” (तुझे तेरे बाप को) वाली जवाबी टिप्पणी की गई थी.
इस सवाल पर किशोरी पेडनेकर का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने ऊंची आवाज में कहा, “मैं शांति से बात कर रही हूं. अगर कोई मेरी मां या बहन को गाली देगा तो मैं सिर्फ उसके बाप को नहीं, उसकी मां को भी जवाब दूंगी. मैं शिवसेना की सैनिक हूं, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”
2021 का विवाद
मेयर रहते हुए उनके अकाउंट से COVID वैक्सीन कॉन्ट्रैक्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर यह आपत्तिजनक जवाब दिया गया था. बाद में उन्होंने दावा किया था कि ट्वीट उनके फोन से किसी पार्टी कार्यकर्ता ने किया था, जब वे परिवार के किसी कार्यक्रम में थीं. विवाद बढ़ने पर ट्वीट डिलीट कर दिया गया था.
मौजूदा मुद्दा क्या है?
किशोरी पेडनेकर KEM अस्पताल में MBBS छात्रा सेजल पवार द्वारा स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में पुरुष कैडेवर (शव) के जननांगों पर की गई अश्लील टिप्पणियों के मामले में नाराजगी जता रही थीं. उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों को दूसरे कॉलेज में ट्रांसफर कर देना चाहिए, क्योंकि KEM में पढ़ाई बीच में नहीं रोकनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में शव पढ़ाई के लिए आते हैं, टिप्पणी करने के लिए नहीं.