नई दिल्ली: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी पर्सनैलिटी राइट्स (व्यक्तित्व अधिकारों) की रक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अभिनेता ने फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी' के निर्माण और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है. शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान की याचिका पर फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की वेकेशन बेंच ने मामले की अगली सुनवाई 19 जून को तय की है.
सलमान का दावा
सलमान खान के वकील निजाम पाशा ने कोर्ट को बताया कि 29 मई को फिल्म का पोस्टर जारी किया गया, जिसमें सलमान जैसा दिखने वाला व्यक्ति दिखाया गया है. उनके मशहूर नीले ब्रेसलेट और पहनावे का भी इस्तेमाल किया गया. आज सुबह फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया.
वकील ने कहा कि 1998 के काला हिरण शिकार मामले और लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी घटनाओं को फिल्म में तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. कुल 4 FIR में से 3 में सलमान बरी हो चुके हैं, फिर भी उनकी छवि का अनधिकृत इस्तेमाल कर फिल्म बनाई जा रही है, जो उनके पर्सनैलिटी अधिकारों का उल्लंघन है.
कोर्ट का रुख
कोर्ट ने कहा कि बिना विपक्षी पक्ष (फिल्म मेकर्स) की दलील सुने कोई अंतरिम आदेश नहीं दिया जा सकता. इसलिए नोटिस जारी किया गया. सलमान की टीम फिल्म के पूरे प्रोजेक्ट प्रमोशन, प्रोडक्शन और रिलीज पर तुरंत रोक लगाने की मांग कर रही है. यह मामला बॉलीवुड में काफी चर्चा में है क्योंकि फिल्म सलमान खान की जिंदगी की घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है.