नई दिल्ली: एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो में महिला डॉक्टर सेजल पवार द्वारा मेल कैडेवर के प्राइवेट पार्ट पर की गई अश्लील टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और डॉक्टर को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. बढ़ते विवाद के बीच सेजल पवार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी.
कॉमेडियन प्रनीत मोरे के शो के दौरान दर्शकों से इंटरैक्ट करते हुए सेजल पवार ने मेडिकल कॉलेज के दिनों के अनुभव साझा किए. इसी दौरान उन्होंने कैडेवर के साथ जुड़ी एक ऐसी टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने बेहद असम्मानजनक और अशोभनीय बताया. मृतक के शरीर को मेडिकल शिक्षा के लिए दान करने वाले लोगों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली इस बात पर न केवल आम लोग बल्कि मेडिकल छात्रों और डॉक्टर्स ने भी नाराजगी जताई.
वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने लिखा, ''शरीर दान करने वाले परिवारों का अपमान है यह.'' ''डॉक्टर होकर इस स्तर की संवेदनहीनता? ''बॉडी डोनेशन पर लोगों का विश्वास टूटेगा.'' कई मेडिकल प्रोफेशनल्स ने कहा कि कैडेवर का सम्मान मेडिकल ट्रेनिंग की सबसे बुनियादी नैतिक जिम्मेदारी है. ऐसी टिप्पणियां पूरे मेडिकल समुदाय की छवि खराब करती हैं.
माफी के बाद भी विवाद
लगातार आलोचना के बाद सेजल पवार ने अपने इंस्टाग्राम पर माफी नामा जारी किया. उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाएं आहत करना नहीं था, लेकिन अगर ऐसा हुआ है तो वे खेद व्यक्त करती हैं. इसी विवाद में कॉमेडियन प्रनीत मोरे भी घिर गए. उनके शो के कई क्लिप्स वायरल होने के बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया.
एक बड़ी बहस की शुरुआत
यह घटना अब सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रही है. इससे मेडिकल शिक्षा में संवेदनशीलता, प्रोफेशनल एथिक्स, सार्वजनिक मंच पर जिम्मेदारी से बोलने और बॉडी डोनेशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोरदार बहस छिड़ गई है.