होर्मुज में अमेरिकी हमले में हिमाचल के आदित्य शर्मा की मौत, इकलौते बेटे के चले जाने से टूटा परिवार!

Amanat Ansari 11 Jun 2026 10:33: PM 1 Mins
होर्मुज में अमेरिकी हमले में हिमाचल के आदित्य शर्मा की मौत, इकलौते बेटे के चले जाने से टूटा परिवार!

हमीरपुर: पश्चिम एशिया के तनाव ने एक और भारतीय परिवार को चीर दिया. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास अमेरिकी सेना द्वारा तेल टैंकर 'एमटी सेटेबेलो' पर किए गए हमले में हिमाचल प्रदेश के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई.

मात्र 23 साल का आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. 10 जून को ओमान की खाड़ी में अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई. आदित्य डेक कैडेट प्रशिक्षु के रूप में उस जहाज पर सवार थे. जहाज पर कुल 24 भारतीय थे, जिनमें से 21 को बचा लिया गया, लेकिन तीन युवकों की जान नहीं बच सकी.

परिवार का दर्द और सवाल

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. आदित्य के चाचा संजीव शर्मा ने बताया कि बुधवार रात लापता होने की खबर मिली थी. रात 1:30 बजे मौत की पुष्टि हुई. परिवार ने गंभीर सवाल कि जब कैप्टन को आगे न बढ़ने की चेतावनी दी गई थी, तो जहाज को आगे क्यों बढ़ाया गया? आदित्य को बचाने की पर्याप्त कोशिश की गई या नहीं? हमले के समय वह इंजन रूम के पास क्या कर रहा था? परिवार ने मांग की है कि आदित्य का शव उनके पैतृक गांव गलोर लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके.

हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात की है और शव को जल्द स्वदेश लाने का आग्रह किया है. हिमाचल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहायता का भरोसा दिया है. आदित्य मई में घर आने वाला था, लेकिन काम के सिलसिले में एक महीना और रुक गया.

परिवार अब सिर्फ अपने बेटे का शव वापस लाने की आस लगाए बैठा है. यह घटना भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों के लिए गंभीर मुद्दा बन गई है. पूरा हिमाचल इस युवा नाविक के निधन पर शोक में डूबा हुआ है.

Aditya Sharma Hormuz attack US attack Indian death in Hormuz

Recent News