नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने आ रही है, लेकिन शहर के कीडगंज थाना क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों ने सबको हैरान कर दिया है. मेला क्षेत्र से थोड़ी ही दूरी पर स्थित मधवापुर इलाके में, सब्जी मंडी के नजदीक एक किराए के मकान से पुलिस ने बड़ा छापा मारा.
बुधवार को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर दबिश दी, जिसमें चार महिलाएं और चार पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए. एसीपी कर्नलगंज राजीव यादव के अनुसार, यह जगह लंबे समय से ऐसे अवैध धंधे के लिए इस्तेमाल हो रही थी. छापेमारी के दौरान मौके से संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुईं. सभी आरोपी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं.
7 हजार रुपए में लिया था कमरा
जांच में पता चला कि धूमनगंज की एक महिला ने इस मकान को किराए पर लिया था. उसने मकान मालिक को परिवार के साथ रहने की बात बताकर दो कमरे मासिक 7 हजार रुपये में हासिल किए थे. बाद में वही महिला यहां युवतियों को लाकर यह गतिविधि चला रही थी. पुलिस अब उस महिला से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके. आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की तैयारी है.
अधिकारी के घर भी पड़ा था छापा
गौरतलब है कि जनवरी की शुरुआत में भी कीडगंज इलाके में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी, जहां एक किराए के मकान, जो एक आईएएस अधिकारी का था में पुलिस ने छापा मारकर कई लोगों को पकड़ा था. उस मामले में भी समान संख्या में लोग आपत्तिजनक हालत में मिले थे और रैकेट का संचालन तीन महीने से चल रहा था. ये लगातार घटनाएं इलाके में चिंता का विषय बन गई हैं, खासकर जब शहर में धार्मिक आयोजन चल रहा हो.