पटना : बिहार के गया जिले में महिला पुलिसकर्मी को लेकर दो ड्राइवरों के बीच चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. घटना में एक ड्राइवर को गोली लगने से गंभीर चोट आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, विवाद दो अलग-अलग थानों से जुड़े ड्राइवरों के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि एक महिला पुलिसकर्मी से दोनों की जान-पहचान थी, जिसे लेकर पिछले कुछ समय से दोनों के बीच तनाव बना हुआ था. महिला पुलिसकर्मी का हाल ही में एक थाने से दूसरे थाने में तबादला हुआ था, जिसके बाद मामला और अधिक उलझ गया.
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को एक ड्राइवर महिला पुलिसकर्मी से मिलने उसके किराए के कमरे पर पहुंचा था. इसी दौरान दूसरे ड्राइवर के वहां पहुंचने पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने गुस्से में फायरिंग कर दी. गोली दूसरे ड्राइवर के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हैरानी की बात यह रही कि घायल युवक गोली लगने के बाद भी किसी तरह खुद वाहन चलाकर नजदीकी थाना पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से मदद मांगी. इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मान रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है.
अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और महिला पुलिसकर्मी से भी पूछताछ की जाएगी ताकि विवाद की असली वजह स्पष्ट हो सके. घटना के बाद पुलिस विभाग में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.