नई दिल्ली: 15 मई को जिस घर से डोली उठनी थी, दो दिन पहले ही उस घर से होने वाली दुल्हन की अर्थी उठ रही थी तो पूरे गांव में सन्नाटा और गुस्सा भरा पड़ा था. क्योंकि एकतरफा प्यार की आग ने एक परिवार की खुशियों को जला कर खाक कर दिया था, पूरे इलाके में चर्चा थी कि कैसे एक लड़के की सनक और एकतरफा प्यार की वजह से एक स्वतंत्रता सेनानी के परिवार को ऐसा दिन देखना पड़ रहा है.
2 दिन बाद होने वाली थी संगीता की शादी
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पड़ने वाले जरेररा मजरा बाबटमऊ के रहने वाले नौरंग की बेटी क शादी 15 मई को होनी थी. संगीत (24) के लिए परिवार ने अजमतनगर टटिया के मायाप्रकाश के साथ तय की थी. पूरा परिवार 15 मई को बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटा हुआ था. शादी से पहले की सारी रस्में पूरी की जा चुकी थीं. मंगलवार के दिन हल्दी की रस्म होने वाली थी, लेकिन सोमवार की रात में ही हंसते खेलते परिवार में मौत की चीखें गूंजने लगीं.
घर में रिश्तेदार होने की वजह से संगीता के दादाजी और परिवार के कुछ लोग रिश्तेदारों के साथ छत पर सो रहे थे. जबकि संगीता महिलाओं के साथ नीचे सोई हुई थी. लेकिन रात को लगभग 3 से 4 बजे के बीच अचानक गोली चलने की आवाज आती है. जिससे पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच जाती है. हर तरफ चीख पुकार सुनाई देने लगती है. लोग देखते हैं कि संगीता खून से लथपथ सीढ़ियों के पास पड़ी हुई थी, जबकि दो युवक घर से निकल कर भाग रहे थे. लेकिन लोगों ने इस दोनों को पहचान लिया. ये आरोपी कन्नौज का रहने वाला कल्लू था, इसके साथ इसका चचेरा भाई भी था.
वहीं जब पुलिस को इस घटना की जानकारी हुई तो मल्लावां थाने के एसएचओ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है. फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जल्दी ही केस का खुलास किया जाएगा.
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एक बार संगीता की शादी कहीं तय हुई थी, जिसे कल्लू ने जाकर तुड़वा दिया था. लोगों का कहना है कि पिछले करीब 2 साल से कल्लू, संगीता के पीछे पड़ा हुआ था, लेकिन परिजन उसे बिलकुल पसंद नहीं करते थे. इसी लिए उन्हें इस रिश्ते से ऐतराज था.